उत्तरकाशी। पवाणी गांव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अलग ही मानवीय रूप देखने को मिला। न कोई औपचारिकता, न कोई दूरी मुख्यमंत्री स्वयं पीड़ित परिवारों के बीच नीचे बैठ गए और एक-एक परिवार की पीड़ा, परेशानियां और जरूरतें सुनीं। किसी के उजड़े आशियाने का दर्द, किसी की बच्चों के भविष्य की चिंता तो किसी के सामने रोजी-रोटी का संकट। मुख्यमंत्री ने सबकी बात धैर्यपूर्वक सुनी और भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। पीड़ितों के बीच बैठकर उनका दर्द सुनने का यह दृश्य संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार की एक तस्वीर बन गया।
मोरी तहसील के हरकीदून घाटी स्थित पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनका दुःख-दर्द साझा किया और प्रत्येक परिवार से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
गौरतलब है कि पवाणी गांव में आग की भीषण घटना में करीब 20 परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए थे। इस अग्निकांड ने ग्रामीणों से उनके घर ही नहीं, बल्कि जीवनभर की मेहनत और जमा पूंजी भी छीन ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं गांव पहुंचकर प्रभावितों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के रहने के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जाए। सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने अग्निकांड में नष्ट हुए छह माह के राशन की व्यवस्था करने के साथ ही प्रभावित परिवारों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बच्चों के भविष्य को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने इस अग्निकांड में अपना सब कुछ खोया है, उनकी पीड़ा को समझना और उन्हें फिर से सामान्य जीवन की ओर लौटाना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित बच्चों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों और प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत, पुनर्वास और आर्थिक सहायता से जुड़े सभी कार्य संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने गांव की दीर्घकालिक जरूरतों पर भी चर्चा करते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों पर काम करने का भरोसा दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनके जीवन को फिर से पटरी पर लाना है।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल एवं ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार प्रशासन से जानकारी लेने और स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ितों की सुध लेने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पवाणी गांव के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए सरकार लगातार कार्य करेगी। दुःख की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है।
पवाणी में दिखा धामी का संवेदनशील चेहरा, पीड़ितों के बीच बैठकर जाना दर्द

