बमोथ। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शक्ति केंद्र तपोवन का सम्मेलन बमोथ गांव में आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी संपर्क विभाग हरीश चमोली एवं मंडल अध्यक्ष प्रवीण पुरोहित ने प्रतिभाग किया। इस दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय से क्षेत्र के विकास को और गति दी जा सकती है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी संपर्क विभाग हरीश चमोली ने कहा कि आज के दौर में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को तथ्यों के साथ जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही पार्टी की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
मंडल अध्यक्ष विनय पुरोहित ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर नियमित बैठकें, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां लगातार जारी रहनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और जनसंपर्क बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर लक्ष्मण सिंह खत्री, विनय पुरोहित,काजल भण्डारी, प्रकाश सिंह रावत, चक्रधर चमोली,सुधीर नेगी, दिगेंद्र मल्ल, प्रवीण सती प्रवेश, गौरव सिंह, कमल सिंह रावत, आदित्य, मुकेश भंडारी, विनोद खत्री, धीरेन्द्र चौधरी,दीपक, गीता देवी, रवीना देवी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।

