कोटद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला के कोटद्वार स्थित आवास पहुंचे। यहां उन्होंने कैंथोला के पिता सुरेंद्र प्रसाद कैंथोला से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। सुरेंद्र प्रसाद कैंथोला हाल ही में सफल हार्ट सर्जरी के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
कोश्यारी ने करीब आधे घंटे तक कैंथोला परिवार के साथ समय बिताया। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने के साथ विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। मुलाकात को भले ही पारिवारिक और शिष्टाचार भेंट के रूप में देखा जा रहा हो, लेकिन विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इस मुलाकात ने यमकेश्वर की राजनीतिक चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है।
विपिन कैंथोला लंबे समय से भाजपा की सक्रिय राजनीति में हैं और प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वह आगामी विधानसभा चुनाव के लिए यमकेश्वर सीट से अपनी दावेदारी सामने रख चुके हैं। ऐसे में भगत सिंह कोश्यारी का उनके आवास पहुंचना राजनीतिक नजरिए से भी चर्चा का विषय बन गया है।
कैंथोला के राजनीतिक संबंधों की बात करें तो भाजपा के वरिष्ठ नेता भगत सिंह कोश्यारी के साथ उनके लंबे समय से संपर्क रहे हैं। वहीं गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी से भी उनके निकट संबंध बताए जाते हैं। पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं के साथ कैंथोला की नजदीकी को देखते हुए यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में उनकी दावेदारी को लेकर सियासी हलकों में अटकलों का दौर तेज हो गया है।
यमकेश्वर विधानसभा सीट पर भाजपा के कई संभावित दावेदार सक्रिय हैं। ऐसे में कोश्यारी की कैंथोला से हुई मुलाकात को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि मुलाकात का मूल उद्देश्य पारिवारिक कुशलक्षेम ही रहा, लेकिन चुनावी माहौल में इस तरह की राजनीतिक मुलाकातों को अपने आप में महत्वपूर्ण संकेत के तौर पर देखा जाता है।
कैंथोला के घर पहुंचे कोश्यारी, यमकेश्वर की सियासत में बढ़ी हलचल

