सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट कर जताया आभार, 92 और स्थानों पर टावर लगाने का किया आग्रह
देहरादून। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के दुर्गम एवं सीमांत क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों से क्षेत्र के 13 स्थानों पर नए मोबाइल टावर स्थापित किए जाने की स्वीकृति मिली है।
इस उपलब्धि पर सांसद अनिल बलूनी ने आज केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि गढ़वाल का अधिकांश भू-भाग पर्वतीय एवं दुर्गम है। भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आज भी कई क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या बनी हुई है।
सांसद बलूनी ने क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और टिहरी गढ़वाल के 92 स्थानों पर भी नए मोबाइल टावर स्थापित किए जाने का आग्रह केंद्रीय संचार मंत्री के समक्ष रखा। केंद्रीय मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर मोबाइल एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी केवल संचार सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार, आपदा प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल के दूरस्थ क्षेत्रों को आधुनिक संचार सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
नए मोबाइल टावरों के विस्तार से सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर नेटवर्क सुविधा मिलने के साथ ही डिजिटल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गढ़वाल में कनेक्टिविटी विस्तार को मिली गति, 13 नए मोबाइल टावर स्वीकृत

