चमोली। नारायणबगड़ ब्लॉक के ग्राम जुनेर स्थित सिद्धपीठ माँ गिरजा भवानी मंदिर प्रांगण में सप्त दिवसीय वीर भड जीतू बगडवाल मेला (कोथिग) – 2025 का शुभारंभ बड़े ही धार्मिक उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ हुआ।
कार्यक्रम का प्रारंभ कलश यात्रा एवं पारंपरिक ढोल-दमाऊं और वाद्ययंत्रों की ध्वनि के बीच, शास्त्री द्वारा मंगलाचरण के साथ किया गया। माँ गिरजा भवानी के आशीर्वाद से प्रारंभ हुए इस मेले में क्षेत्रीय लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली।
कोथिग, जो जीतू बगडवाल और स्याली भरणा की प्रेम कहानी पर आधारित है, वीरता, त्याग और वंश विनाश की लोकगाथा को अभिव्यक्त करती है। शुभारंभ के अवसर पर पाश्वों द्वारा नृत्य और माँ गिरजा के अवतार का मनमोहक मंचन किया गया। तत्पश्चात पारंपरिक जागर शैली में प्रसिद्ध लोकगायिका पार्वती फरस्वाण द्वारा जीतू बगडवाल के जागर का भावपूर्ण गायन हुआ, जिसमें पाश्वों को अवतरित किया गया।
कार्यक्रम को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने में ग्राम के सभी नागरिकों का विशेष योगदान रहा। मुख्य रूप से उपस्थित रहे
निर्वतमान ग्राम प्रधान नरेन्द्र सिंह भंडारी, उपप्रधान श्रीमती पुष्पा देवी, सचिव बलबीर सिंह डोड, सह सचिव अंजू देवी, मेला संयोजक मंगल सिंह फरस्वाण, मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह राही, महिला मंगल दल अध्यक्षा लक्ष्मी देवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह राही, समस्त महिला मंगल दल, युवक मंगल दल तथा ग्रामवासी।
इस अवसर पर निर्वतमान प्रधान नरेन्द्र सिंह भंडारी ने सभी ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों से इस सप्त दिवसीय कोथिग मेले में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।
