देहरादून। उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) और ग्राम्य विकास विभाग ने मिलकर एक विशेष पोर्टल तैयार किया है, जिसके माध्यम से अब ग्रामीण विकास कार्यों में लगे श्रमिक भी आसानी से श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य कृष्णमणी थपलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत जो भी श्रमिक 90 दिन का रोजगार निर्माण कार्यों में पूरा कर चुके हैं, वे इस नए पोर्टल पर सीएससी सेंटर के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के बाद उन्हें श्रम विभाग की सभी योजनाओं जैसे स्वास्थ्य सहायता, शिक्षा सहायता, प्रसूति लाभ, दुर्घटना सहायता, आवास अनुदान आदि का लाभ प्राप्त होगा। कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य कृष्णमणी थपलियाल ने ग्रामीण श्रमिकों के हित में लिए गए इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हृदय से धन्यवाद किया।
