देहरादून। कांग्रेस के एक नेता द्वारा सिख समुदाय को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने कहा कि कांग्रेस नेता को अचानक पद मिलते ही मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और वह समाज के हर वर्ग का अपमान करने की मानसिकता रखने लगे हैं।
रमन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता द्वारा सिख समुदाय पर 12 बजे संबंधी टिप्पणी न केवल अपमानजनक है, बल्कि कांग्रेस की संस्कारहीन राजनीति की झलक भी दिखाती है। उन्होंने कहा कि ऐसी बयानबाज़ी से पुराने घाव हरे हो जाते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि कांग्रेस ने 1984 के दंगों के ज़ख्म को फिर से कुरेदने का काम किया है, जो देश के इतिहास का एक दर्दनाक अध्याय रहा है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस नेतृत्व इस टिप्पणी पर स्पष्ट रूप से माफी मांगे और समुदाय की भावनाओं का सम्मान करे।
इस विवाद के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है और सिख समुदाय से जुड़े मुद्दे पर दोनों दल आमने-सामने नज़र आ रहे हैं।
