चम्पावत। पहाड़ से लेकर तराई तक विकास की नई इबारत लिखने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को विकास की बड़ी सौगात दी है। सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को नई मजबूती देने के लिए ₹165.68 करोड़ की 54 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। खास बात यह है कि टनकपुर-बनबसा में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ₹86.83 करोड़ की योजना पर काम होगा, वहीं मां पूर्णागिरि धाम में रोपवे और आधुनिक बस अड्डे जैसी परियोजनाएं सीमांत क्षेत्र की तस्वीर बदलने की तैयारी में हैं। धामी सरकार का यह प्रयास चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के संकल्प को जमीन पर उतारने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
चम्पावत को विकास की 54 सौगातें, धामी ने किया 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 का शिलान्यास
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत दौरे के दौरान जनपद को ₹165.68 करोड़ की लागत वाली 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में आयोजित यह कार्यक्रम केवल योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के निर्माण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सरकार का लक्ष्य विकास को गांव-गांव और सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाना है।
जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत
टनकपुर और बनबसा के लोगों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि ₹86.83 करोड़ की लागत से आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा।
धार्मिक पर्यटन और परिवहन को मिलेगी नई पहचान
मां पूर्णागिरि धाम में करीब ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण कार्य प्रगति पर है। टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं शारदा कॉरिडोर के प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की लागत से शारदा घाट का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसकी समग्र परियोजना ₹3,000 करोड़ से अधिक की है।
इसके अतिरिक्त किरोड़ा नाले पर पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। बनबसा में लगभग ₹502 करोड़ की लागत से लैंड पोर्ट परियोजना भी सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए अवसर खोलेगी।
लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके अलावा ₹55.53 करोड़ की लागत से विज्ञान केंद्र और करीब ₹20 करोड़ से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है।
पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें त्रिलोक सिंह सामंत, लक्ष्मी देवी, पूजा महर, रोहित चंद और आनंद प्रसाद शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने से चम्पावत की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी। आदर्श चम्पावत का मॉडल आने वाले समय में आदर्श उत्तराखंड के निर्माण का आधार बनेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

