खेल महाकुम्भ का हुआ शुभारम्भ, 20 फरवरी तक चलेगा

देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर देहरादून में राज्य स्तरीय खेल महाकुम्भ का शुभारम्भ हुआ। इस खेल महाकुम्भ का आयोजन 03 जनवरी से 20 फरवरी तक देहरादून, हरिद्वार, रूद्रपुर एवं हल्द्वानी में किया जा रहा है। खेल महाकुंभ में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। खेल महाकुंभ का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि 2024 में होने वाले ओलंपिक खेलों में उत्तराखण्ड से खिलाड़ी प्रतिभाग करें एवं मेडल प्राप्त कर सकें, इसके लिए खेल विभाग को अभी से तैयारी करनी होगी। राज्य में खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को देखते हुए कुछ खेलों का चयन किया जाए, खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए देश एवं विदेश से भी कोच की आवश्यकता हो तो इसकी व्यवस्था की जायेगी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले  बच्चों के भत्ते को 150 रूपये से बढ़ाकर 200 रूपये किया जायेगा। आमवाला में युवा केन्द्र के समीप खाली जमीन को युवा कल्याण विभाग को दिया जायेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के अधिकतम युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिले एवं अपनी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय तथा अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाने का मौका मिले। इस उद्देश्य से राज्य में खेल महाकुम्भ का आयोजन किया जा रहा है। खेलों का उद्देश्य सिर्फ मेडल प्राप्त करना ही नहीं है, बल्कि स्वस्थ शरीर, मस्तिष्क एवं स्वस्थ जीवन के निर्माण में भी खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह सौभाग्य की बात है कि उत्तराखण्ड से खेल प्रतियोगिताओं में बालिकाओं की हिस्सेदारी भी बालकों के बराबर है। प्रदेश की बालिकाएं किसी भी मामले में बालकों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिस राज्य के विकास में स्त्री एवं पुरूषों दोनों का योगदान होता है, वह राज्य तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना का परिचय देने को कहा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि 2019 खेलों की दृष्टि से उत्तराखण्ड के लिए महत्वपूर्ण वर्ष रहा। उत्तराखण्ड को क्रिकेट में बीसीसीआई से पूर्ण मान्यता मिली एवं रणजी ट्राफी में आधिकारिक रूप से न केवल शिरकत की बल्कि सराहनीय प्रदर्शन भी किया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि खेल महाकुंभ के आयोजन से राज्य के हर जिलों से युवाओं को अपने खेल कौशल को दिखाने का मौका मिल रहा है। इस खेल महाकुंभ में 500 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है आगामी राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के युवाओं को प्रतिभाग करने का अधिक से अधिक मौका मिले। आने वाले समय में खेल महाकुभ के माध्यम से राज्य को अच्छे खिलाड़ी मिलेंगे। इस अवसर पर युवा कल्याण सलाहकार परिषद् के उपाध्यक्ष जितेन्द्र रावत मोनी, सचिव खेल बृजेश संत, अपर सचिव खेल प्रताप शाह, भाजपा के जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुण्डीर एवं खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

पीएम नरेंद्र मोदी ने  किया सीएम त्रिवेन्द्र व मंत्री  उनियाल को सम्मानित

देहरादून। भारत सरकार द्वारा उत्तराखंड को वर्ष 2017-18 में खाद्यान्न उत्पादन श्रेणी-2 के लिए कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गुरूवार को तुमकुर, कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत एवं कृषि मंत्री सुबोध उनियाल को यह पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर राज्य के दो प्रगतिशील किसानों, कपकोट की कौशल्या व भटवाड़ी के जगमोहन राणा को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने खाद्यान्न उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु उत्तराखण्ड को कृषि कर्मण पुरस्कार के लिए चयनित किये जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2022 तक कृषकों की आय दोगुना करने का संकल्प दिया है। उत्तराखण्ड प्रधानमंत्री द्वारा दिये गये संकल्प को पूर्ण करने के लिये पूरी निष्ठा के साथ प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड एक नवोदित राज्य है, जिसके कुल भौगोलिक क्षेत्रफल 53.48 लाख हेक्टेयर में कृषि का क्षेत्रफल मात्र 11.21 प्रतिशत है, इसका 56 प्रतिशत भाग पर्वतीय कृषि के अन्तर्गत आता है, जिसमें 89 प्रतिशत कृषि असिंचित एवं वर्षा आधारित है। प्रदेश में 92 प्रतिशत लघु एवं सीमान्त जोत के कृषक हैं। भारत सरकार के मार्ग-निर्देशन तथा प्रदेश के कृषकों एवं कृषि विभाग के प्रयास से उत्पादन में वृद्धि के फलस्वरूप प्रदेश अनाज उत्पादन में अपनी आवश्यकता की पूर्ति करते हुए आत्मनिर्भर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना के पात्र लाभार्थियों की संख्या 8.38 लाख है, जिनमें से 6.84 लाख कृषक लाभान्वित किए जा चुके हैं, 6.72 लाख कृषकों को प्रथम किस्त, 6.56 लाख कृषकों को द्वितीय, 6.00 लाख कृषकों को तृतीय एवं 4.34 लाख कृषकों को चतुर्थ किस्त का भुगतान किया गया है, शेष कृषकों को भी योजना से जोड़ा जा रहा है। प्रधानमंत्री मानधन योजना में पात्र कृषकों का चयन कर उनके पंजीकरण की कार्यवाही गतिमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्र में परम्परागत एवं पौष्टिक फसलों की खेती होती है, जो कि असिंचित दशा में भी अच्छा उत्पादन दे सकती हैं। प्रधानमंत्री  द्वारा उत्तराखण्ड प्रदेश को जैविक प्रदेश बनाने की अपेक्षा की गयी है, इस हेतु प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रथम चरण में पर्वतीय क्षेत्र को पूर्ण जैविक कृषि के अन्तर्गत आच्छादित किया जाए। भारत सरकार के सहयोग से परम्परागत कृषि विकास योजना संचालित की जा रही है, जिसके अन्तर्गत 89700 हेक्टेयर पी.जी.एस. के अन्तर्गत है, जिसमें परम्परागत फसलों, सब्जियों, फलों एंव जड़ी-बूटी के कलस्टर संचालित किये जा रहे हैं। वर्तमान में 34000 हेक्टेयर जैविक प्रमाणीकरण के अन्तर्गत है। आगामी 02 वर्षों में परम्परागत कृषि विकास योजना के संचालन से लगभग 1.50 लाख हेक्टेयर जैविक प्रमाणीकरण के अन्तर्गत आ जाएगा, जिसमें निरन्तर वृद्धि का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि कृषि यंत्रीकरण के अन्तर्गत अब तक 755 फार्म मशीनरी बैंक स्थापित किए जा चुके हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने का है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत 23 विभागों की 212 परियोजनाओं को सम्मिलित किया गया है। प्रदेश में जंगली जानवरों से फसलों को क्षति पहुँचाने की गम्भीर समस्या है, जिसके रोकथाम हेतु एक प्रयास के रूप में राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत घेरबाड़ की परियोजना सम्मिलित की गयी है, अब तक 108 गांव में 183 कि0मी0 घेरबाड़ का कार्य किया गया है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत बहुउद्देशीय जल संभरण टैंकों के निर्माण पर ध्यान दिया जा रहा है, अब तक 700 बहुउद्देशीय टैंकों का निर्माण किया जा चुका है। प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत हिल सीड बैंक की परियोजना भी प्रारम्भ की गयी है, जिसके तहत पर्वतीय क्षेत्रों में कृषकों के प्रक्षेत्रों पर ही तकनीकि विधि से बीज उत्पादित कर प्रमाणीकरण के उपरान्त कृषकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में परम्परागत जल श्रोत सूख रहे हैं। पर्यावरणीय असंतुलन से नमी कम होती जा रही है। मृदा एवं जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देते हुये जल संचय संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। गत 2 वर्षों में विभिन्न जल संचय संरचनाओं के निर्माण से 2250 हेक्टेयर सिंचन क्षेत्रफल में वृद्धि हुयी है। प्रदेश में मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के अन्तर्गत वर्ष 2018-19 तक समस्त कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। उर्वरकों का वितरण नवम्बर 2017 से डी.बी.टी. के माध्यम से प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मौसम खरीफ में चावल, मण्डुवा तथा मौसम रबी में गेहूॅ एवं मसूर (जनपद पौड़ी एवं पिथौरागढ़) प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत सम्मिलित हैं। वर्ष 2018-19 में कुल 1.38 लाख कृषक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं 55000 कृषक पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अन्तर्गत बीमित हुए। दोनों योजनाओं में 84687 कृषकों को 7236.69 लाख क्लेम का भुगतान हुआ है। वर्ष 2019-20 में दोनों योजनाओं के अन्तर्गत 1.73 हजार कृषक बीमित हुए हैं।मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि उत्तराखण्ड में कुल 27 मण्डियां संचालित हैं, जिनमें से वर्तमान तक 16 मण्डियां ई-नाम योजना से जुड़ी है। ई-नाम के माध्यम से कृषि उत्पाद को विक्रय करने पर कृषकों को 70 करोड़ के ई-भुगतान किये गये हैं। व्यापारियों के मध्य आन-लाईन ट्रेंड को प्रोत्साहित करने हेतु मण्डी शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट का प्राविधान किया गया है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य कृषि उत्पादों के विपणन की समुचित व्यवस्था के लिए प्रत्येक न्याय-पंचायत पर कलैक्शन सेन्टर स्थापित करने का कार्य प्रारम्भ किया गया है।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

गोपश्वर। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ ही बर्फबारी हुई वहीं, देवाल विकासखंड के वाण और लोहाजंग गांव में गुरूवार सुबह से दोपहर तक बर्फबारी हुई। उधर घाट विकासखंड के कनोल गांव में भी बर्फबारी देर शाम तक जारी रही। जबकि निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड महसूस की गयी। जिससे लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। चमोली के पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी से ठंड में काफी इजाफा हो गया हैं। शीतलहर ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ऐसे में लोगों को अलाव का सहारा लेते हुए देखा जा सकता है। वहीं, ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद की सभी तहसीलों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उधर विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में भी हल्की बारिश हुई है। वहीं मौसम विभाग ने यहां बर्फबारी की भी संभावना जताई है, जबकि बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में लगातार बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो ठंड में अभी और इजाफा होगा। वहीं, कोहरा भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।

प्रीतम बोले, भाजपा सरकार ने दिया नये साल में जनता को महंगाई का तोहफा

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा रसोई गैस, चिकित्सा सेवाओं में उपचार, रेल भाडे में की गई वृद्धि को भाजपा सरकार का जनता के लिए नये साल का तोहफा बताया है। उन्होंने कहा कि नये साल में भाजपा सरकार ने जनता को मंहगाई का एक और तोहफा दिया है। भाजपा सरकार द्वारा रसोई गैस सिलेण्डर व चिकित्सा उपचार के साथ-साथ रेल भाडा बढ़ाने के विरोध में उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेष कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्रवान पर सभी जिला एवं शहर मुख्यालयों पर 3 जनवरी 2020 को कंाग्रेसजनों द्वारा भाजपा सरकार का पुतला दहन किया जायेगा। इन कार्यक्रमों में जिले के सभी सांसदध्पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अनुशांगिक संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के पदाधिकारी, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं पार्टी कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे।
प्रदेष कांग्रेस प्रीतम सिंह ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने रसोई गैस सिलेण्डर व उपचार मंहगा कर नये साल के शुरूआत मे ही देश की जनता को मंहगाई का तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों (पेट्रोल, डीजल) तथा रसोई गैस की कीमतों में लगातार की जा रही बेतहाशा वृद्धि एवं बढ़ती मंहगाई से आम आदमी त्रस्त हो चुका है। पूरे प्रदेष में मंहगाई से आम आदमी त्राहि-त्राहि कर रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार मंहगाई के मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम हो चुकी है और जनता अब मंहगाई बदास्त करने की स्थिति में नहीं है। प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के शासन में मंहगाई अपने चरम पर है तथा आम आदमी का जीना दूभर हो चुका है। अन्तर्राश्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट होने के बावजूद पेट्रोल, डीजल की दरों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। यूपीए शासन में जहां अन्तर्राश्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 150 डाॅलर प्रति बैरल होनेे के बावजूद देष में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम काफी कम थे परन्तु वर्तमान में अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद देष में पेट्रोल-डीजल के दामों मे लगातार वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों के दौरान देश की जनता से मंहगाई कम करने का वायदा किया था। परन्तु उसके विपरीत मंहगाई लगातार बढ़ती जा रही है तथा महंगाई से आम आदमी की कमर टूट चुकी है। प्रीतम सिंह ने कहा कि जिस तरह से रसोई गैस सिलेण्डर के दामों में वृद्धि की गई उससे मंहगाई लगातार बढ़ती जायेगी तथा जरूरत की चीजंे आम आदमी की पहुंच से दूर होती जायेंगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के इस निर्णय का कांग्रेस पार्टी विरोध करती है तथा इसके विरोध में प्रदेष के सभी जिला एवं षहर मुख्यालयों में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया जायेगा।

उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी का हुआ शपथ ग्रहण 

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह  सम्पन्न हुआ। सचिव सूचना दिलीप जावलकर ने क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवेंद्र सती, महासचिव संजीव कंडवाल सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को पद, गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर जावलकर ने कहा कि क्लब के नए भवन बनाने की दिशा में विभाग के स्तर से हर संभव मदद दी जाएगी, उन्होंने कहा कि जल्द ही क्लब का भव्य भवन बनकर तैयार हो, यह विभाग की प्राथमिकता में है। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारों के कल्याण के लिए उत्तरांचल प्रेस क्लब की अहम भूमिका रही है। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार दिनेश जुयाल, आईपी उनियाल, रमेश पुरी, नवनी थलेड़ी, गिरिधर शर्मा, विकास धूलिया, संजय घिल्डियाल के साथ ही क्लब पदाधिकारियों में अध्यक्ष देवेंद्र सती, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश जोशी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश बड़थ्वाल, महामंत्री संजीव कंडवाल, संयुक्त मंत्री सुरेंद्र सिंह डसीला, नलिनी गुसांई, सम्प्रेक्षक विनोद पुंडीर, कोषाध्यक्ष इंद्रेश कोहली के साथ ही कार्यकारिणी सदस्य अभय कैंतुरा, केदार दत्त, नवीन कुमार, मानव भंडारी, राजू पुशोला, संदीप त्यागी, प्रवीण डंडरियाल, अभिषेक मिश्रा, गौरव गुलेरी शामिल हुए।

साल के पहले दिन हैंडलूम एक्सपो में खरीदारी को उमड़े लोग 

देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड मैदान में चल रहे नेशनल हैंडलूम एक्सपो में नए साल के पहले ही दिन लोगो की भारी भीड़ उमड़ी। नए साल पर लोग एक्सपो में काफी संख्या में पहुंच रहे है। खास तौर पर जम्बू कश्मीर और राजस्थान के बने उत्पादों की खरीदारी करने के लिए लोगो की भीड़ उमड़ रही है। जम्बू कश्मीर से आयी पश्मीना शाल लोगों को खूब भा रही है।
 साथ ही कश्मीर की बनी साडी, बीएड कवर, बैग, शूट व कश्मीरी स्वेटर लोगांे को पसंद आ रही है। उनकी खरीदारी के लिए लोगो की भारी भीड़ उमड़ रही है, राजस्थान जयपुर से आयी जयपुरी रजाइयां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। जयपुरी रजाइयां बेहद हल्की और गर्म है साथ ही जयपुरी चादर,और बेड़ शीट लोगो को खूब आकर्षित कर रही हैं। जयपुरी जैकेट बेहद हल्की और गर्म है जिनकी कीमत 850 से शुरू है साथ ही जयपुरी रजाइयां 1800 शुरू होकर 3400 तक है। जयपुरी रजाई बनाने वाले लोगो को नेशनल अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। हेंडलूम एक्सपो में एक बुक स्टोर भी लगाया है, जिसमे देश विदेश के प्रसिद्ध लेखकों की किताबें रखी गयी हैं। जो युवाओ को बहुत लुभा रही हैं। एक्सपो में आज पूर्व विधायक प्रीतम सिंह ने शिरकत की और अनेक स्टालों में जाकर बुनकरों की बनाई चीजों को भी देखा। आज एक्सपो में उत्तराखंड संस्कृति से जुड़े अदाकार गीता उनियाल ने भी एक्सपो में आकर उत्तराखंड के उत्पादों को देखा और कहा कि उत्तराखंड के उत्पादों  की महत्ता को देखकर मन काफी खुश हुआ और इस तरह के आयोजनों से उत्तराखंड की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। आज नए साल पर उद्योग निदेशक सुधीर चंद्र नौटियाल, उप निदेशक शैली डबराल, पल्ल्वी गुप्ता, अनुपम द्विवेदी, राजेंद्र कुमार, मेला अधिकारी के.सी चमोली, कुंवर सिंह बिष्ट, गिरीश चंद्र, संजय सिंह, अश्वनी शर्मा ने एक्सपो स्टालों का जायजा लिया।

अंतर्राज्यीय दो चोर पकडे एक फरार

देहरादून। अतर्राज्यीय दुपहिया वाहन चोर गिरोेह का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिरों को चोरी की 14 मोटरसाइकलों सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक देहात स्वप्न किशोर सिंह द्वारा बताया गया कि पिछले दिनो जनपद क्षेत्र के कई स्थानों से दुपहिया वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ी तो पुलिस ने एक टीम का गठन कर चोरों की तलाश शुरू कर दी। गठित पुलिस टीम को कल देर रात सूचना मिली कि उक्त चोर गिरोह क्षेत्र में देखा गया है। वह एक बार फिर दुपहिया वाहन चोरी की घटना को अंजाम देने वाला है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने अलर्ट जारी करते हुए क्षेत्र में चैकिंग अभियान चला दिया। बीती देर रात पुलिस को सालियर चैक पोस्ट के समीप दो बाइकों से तीन संदिग्ध आते हुए दिखायी दिये। पुलिस ने जब उन्हें रोकना चाहा तो एक व्यक्ति बाइक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। इस पर पुलिस ने बाकी बचे दो लोगों को वहीं दबोच लिया। बाइक के कागजात मांगने पर वह दोनों लोग पुलिस को टहलाने लगे। इस पर संदेह होने पर पुलिस ने जब उनसे कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होने उक्त दोनों वाहन चोरी का होना कबूल किया। थाने लाकर की गयी पूछताछ में पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 14 अन्य मोटर साइकलंे बरामद की। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम साजिद पुत्र इखलाख व विशाल पुत्र विजेन्द्र निवासी गंगनहर बताया। जबकि फरार आरोपी का नाम फरमान पुत्र फरजन निवासी गंगनहर बताया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 16 बाइकें बरामद की है। आरोपियों के अनुसार उन्होने यह बाइकें हरिद्वार, दिल्ली व उत्तरप्रदेश से चुरायी थी।